भारतीय जनता पार्टी मल्हार मंडल द्वारा आत्मनिर्भर मंडल बैठक संपन्न

भारतीय जनता पार्टी मल्हार मंडल द्वारा आत्मनिर्भर मंडल बैठक संपन्न

मल्हार। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं जिला नेतृत्व के निर्देशानुसार रविवार, 7 जून को दोपहर 2:00 बजे बजरंग चौक, विद्याडीह (कुटेला) में आत्मनिर्भर मंडल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने, बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों के विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति, जनसंपर्क अभियान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि 5 जून से 30 जून तक व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन, शक्ति केंद्र बैठकों एवं बूथ स्तरीय बैठकों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
मंडल उपाध्यक्ष लोकनाथ बंजारे ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ता समन्वय एवं पार्टी की आगामी रणनीतियों पर विशेष चर्चा की तथा संगठन के विस्तार के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया।
इस अवसर पर मल्हार मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष लोकनाथ बंजारे, मंडल महामंत्री राजकुमार वर्मा, जिला मन की बात प्रभारी सुरेश कुमार खटकर, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष हेमंत नवरंगे, अनुसूचित जाति मोर्चा उपाध्यक्ष रमेश सूर्यकांत, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष रंजीत सोनवानी, देवचरण यादव, राजेंद्र कुर्रे, धर्मेंद्र सिंह ठाकुर, सुरेश बंजारे, भाजयुमो जिला कार्यकारिणी सदस्य पूरन सिंह ठाकुर, देवेंद्र जायसवाल, रवि कैवर्त सहित भारतीय जनता पार्टी मल्हार मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न करने के संकल्प के साथ किया गया।

संवाददाता – महेंद्र सिंह राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!