डीएम-एसपी की ताबड़तोड़ रेड से बालू माफियाओं में हड़कंप, 70 से अधिक नावें ध्वस्त, दर्जनों ट्रैक्टर जब्त

डीएम-एसपी की ताबड़तोड़ रेड से बालू माफियाओं में हड़कंप, 70 से अधिक नावें ध्वस्त, दर्जनों ट्रैक्टर जब्त

किशनगंज जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ गुरुवार तड़के जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर महाअभियान चलाया। डीएम विशाल राज और एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर सुबह करीब 4 बजे एक साथ कई घाटों पर छापेमारी की गई, जिससे बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया।

प्रशासन की टीम ने बेलवा, टेंगरमारी, बहरकोल्हा, अमल झाड़ी, बावन डूबा, ओद्रा, मौजाबारी, रहमानी टी स्टेट के पीछे, रायपुर, हालामाला समेत जिले के विभिन्न संवेदनशील घाटों पर एक साथ कार्रवाई की। अचानक हुई रेड से अवैध खनन में लगे लोग नाव और ट्रैक्टर छोड़कर जंगल एवं झाड़ियों की ओर भाग निकले।

छापेमारी के दौरान अवैध खनन में प्रयुक्त 70 से अधिक नावों को मौके पर ही तोड़कर नष्ट कर दिया गया, जबकि दर्जनों ट्रैक्टरों को जब्त कर पुलिस लाइन लाया गया। अधिकारियों द्वारा जब्त वाहनों के कागजातों की भी जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार प्रशासन की कार्रवाई अभी जारी है। अवैध बालू खनन से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, एडीएमओ आदित्य कुमार सहित जिले के कई अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।

डीएम और एसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध बालू खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसमें संलिप्त सभी व्यक्तियों को चिन्हित कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में बालू माफियाओं के खिलाफ चलाए गए अभियान की चर्चा जोरों पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!