किशनगंज में 952 ग्राम हेरोइन/ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़

किशनगंज पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीमा सुरक्षा बल (BSF) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गलगलिया थाना क्षेत्र से एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 952 ग्राम अवैध मादक पदार्थ, हेरोइन/ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ, और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि गलगलिया थाना क्षेत्र के ठीकाटोली वार्ड नंबर-4 निवासी मो. जलाल, पिता नूर मोहम्मद, अपने घर में अवैध मादक पदार्थ का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक किशनगंज संतोष कुमार के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की संयुक्त टीम गठित की गई।

संयुक्त टीम ने मो. जलाल के घर पर विधिवत छापेमारी और तलाशी ली। इस दौरान 952 ग्राम मादक पदार्थ बरामद होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घर में मादक पदार्थ का भंडारण कर खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के साथ-साथ बरामद मादक पदार्थ के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। साथ ही, तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

इस मामले में गलगलिया थाना कांड संख्या 89/26, दिनांक 2 सितंबर 2026 को धारा 8(c)/21(c)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

मो. जलाल, पिता- नूर मोहम्मद, निवासी- ठीकाटोली वार्ड नंबर-04, थाना- गलगलिया, जिला- किशनगंज।

बरामदगी

– 952 ग्राम हेरोइन/ब्राउन शुगर जैसा अवैध मादक पदार्थ
– एक मोबाइल फोन
– अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य: करीब 2 करोड़ रुपये

संयुक्त छापेमारी टीम

कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह, गलगलिया थानाध्यक्ष पु०अ०नि० राकेश कुमार, सीमा सुरक्षा बल कैंप भटगांव के पदाधिकारी एवं जवान तथा गलगलिया थाना के सशस्त्र बल, चालक और पुलिसकर्मी शामिल रहे।

किशनगंज पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य नशा मुक्त किशनगंज के लिए प्रभावी कार्रवाई करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!