ब्यूरो महेन्द्र सिंह राय
महमंद (मस्तूरी)। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम महमंद में भोजली महोत्सव बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। यह पर्व आपसी सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक बना। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश सूर्या, सरपंच पूजा विकी निर्मलकर सहित कई गणमान्य नागरिकों ने इसमें भाग लिया।
भोजली पर्व के अवसर पर माताएं-बहनें शिव मंदिर में एकत्र हुईं और भगवान शिव का आशीर्वाद लेने के बाद नया तालाब में भोजली का विधिवत विसर्जन किया। ग्रामवासियों ने गांव की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ, जिसमें भोजली की सर्वश्रेष्ठ सजावट और पहनावे वाली महिलाओं को क्रमशः ₹3100, ₹2100 और ₹1500 का नकद पुरस्कार दिया गया। अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में चंद्र प्रकाश सूर्या, विकी निर्मलकर और जनपद सदस्य मौर्य ने भोजली पर्व के महत्व पर विचार रखते हुए कहा कि यह उत्सव भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।
इस मौके पर कई कीर्तन टोलियों ने भजन-कीर्तन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। विसर्जन के बाद ग्रामीणों ने एक-दूसरे के कान में भोजली डालकर मित्रता और आपसी सहयोग का संकल्प लिया, जिससे गांव में एकता और सद्भावना का संदेश गूंज उठा।