भागलपुर में गरमी चुनावी माहौल, मुकेश सहनी ने मोदी सरकार पर बोला सीधा हमला

भागलपुर। बिहार की सियासत में तेज़ी से उबाल आ गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के भागलपुर आगमन से चुनावी हलचल और बढ़ गई है। इसी क्रम में वोटर अधिकार यात्रा के तहत विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने अपने समर्थकों के साथ प्रेसवार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

प्रेसवार्ता में सहनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रवैया जनता हितैषी नहीं है, बल्कि सरकार केवल अमीरों और पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब और वंचित तबकों को पूरी तरह नज़रअंदाज़ किया जा रहा है। सहनी ने कहा, “महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। बड़ी संख्या में बिहार के नौजवान रोज़गार की तलाश में पलायन को मजबूर हैं।”

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के तौर-तरीकों को “लठैतशाही” बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में इस तरह का रवैया स्वीकार्य नहीं हो सकता। सहनी ने विश्वास जताया कि इस बार के विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता भाजपा और प्रधानमंत्री को करारा जवाब देगी।

सहनी ने अत्यंत पिछड़ी जातियों (EBC) को विशेष महत्व और अधिकार दिए जाने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। उन्होंने दावा किया कि यदि वंचितों और पिछड़ों को उनका हक़ मिला, तो बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव होगा। सहनी ने कहा कि उनका संघर्ष गरीबों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई है और जनता उनकी नीतियों पर भरोसा करेगी।

इस मौके पर इंडिया गठबंधन (I.N.D.I.A Bloc) के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सहनी ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के भागलपुर दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि यह विपक्ष की मजबूती का संकेत है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के दौरे के साथ-साथ इंडिया गठबंधन की साझा मौजूदगी ने भागलपुर के चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!