किशनगंज से मोहम्मद मुजाहिद की रिपोर्ट
किशनगंज। टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय झुनकी मुसहरा से लोधाबाड़ी होते हुए डोरिया गांव को जोड़ने वाली मुख्यमंत्री सड़क पर रेतुआ नदी का कटाव दिनों-दिन तेज़ी से बढ़ता जा रहा है। लोधाबाड़ी गांव के समीप कटाव जारी रहने से सड़क कभी भी ध्वस्त हो सकती है। इससे आधे से अधिक आबादी का प्रखंड मुख्यालय से सीधा संपर्क टूटने का खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क कटने की स्थिति में लोगों को मुख्यालय पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होगा। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में डीबी कंस्ट्रक्शन द्वारा लगभग तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कराया गया था। इसके बावजूद संवेदक द्वारा अब तक कटाव रोकने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने इस गंभीर स्थिति की जानकारी फोन पर सांसद एवं विधायक को भी दी है, लेकिन प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने शीघ्र कार्रवाई कर सड़क को कटाव से बचाने की मांग की है, ताकि आवागमन में होने वाली भारी परेशानी से राहत मिल सके।
