ब्यूरो सुभम कुमार
भागलपुर। भीखनपुर में रेलवे गुमटी नंबर एक पर बनाए जा रहे अंडरपास को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे द्वारा तैयार किया गया अंडरपास का डिजाइन पूरी तरह गलत है। यदि इसी पर निर्माण कार्य किया गया तो लगभग दो हजार लोगों की आबादी सीधे तौर पर प्रभावित होगी।
ग्रामीणों ने इस मुद्दे पर भीखनपुर बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन शुरू कर दिया है। इसी बीच स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर के सांसद अजय मंडल आज मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने मौके से ही मालदा डीआरएम से मोबाइल पर वार्ता की और पूरे मामले की जानकारी दी।
सांसद ने कहा कि रेलवे का मौजूदा डिजाइन व्यावहारिक नहीं है और इसमें बदलाव आवश्यक है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास का निर्माण उनकी सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि पूर्वी रेलवे ने हाल ही में इस इलाके को अतिक्रमण मुक्त कराया था। अब स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि विकास कार्य जनता की सहमति और हित को ध्यान में रखकर ही आगे बढ़ाया जाए।
