किशनगंज, संवाददाता।
किशनगंज शहरी क्षेत्र में नवरात्र एवं दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में रविवार को एसडीएम अनिकेत कुमार एवं सीडीपीओ गौतम कुमार ने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आयोजकों से सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन की व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण को लेकर जानकारी ली। उन्होंने आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पंडालों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और आगंतुक श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखा जाए।
एसडीएम अनिकेत कुमार ने कहा कि प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है ताकि श्रद्धालु शांति और सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें। वहीं, सीडीपीओ गौतम कुमार ने पंडालों में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को भी निर्देशित किया कि संवेदनशील इलाकों में विशेष गश्त एवं निगरानी बढ़ाई जाए।
