ज़की हमदम ताज़ा पत्रिका ठाकुरगंज, किशनगंज:
ठाकुरगंज अंचल में पंचायत स्तर पर कर्मचारियों की भारी कमी के कारण आम जनता को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पूरे अंचल में 22 पंचायतें हैं, लेकिन इन पंचायतों के कार्यों को संभालने के लिए मात्र 9 कर्मचारी ही नियुक्त हैं। सीमित संख्या में कर्मचारी होने के चलते ग्रामीणों को अपने काम करवाने के लिए एक पंचायत से दूसरी पंचायत भटकना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कर्मचारी कम होने से समय पर कार्य नहीं हो पाते और कई आवश्यक सरकारी सेवाओं के लिए उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूरदराज के गांवों से आने वाले लोगों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि ठाकुरगंज अंचल की 22 पंचायतों में कम से कम 22 कर्मचारियों की बहाली की जाए, ताकि प्रत्येक पंचायत में एक-एक कर्मचारी की प्रतिनियुक्ति हो सके। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा और आम जनता को अनावश्यक दौड़भाग से राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से आग्रह किया है कि वे इस मुद्दे पर तुरंत ध्यान दें और अंचल कार्यालय में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस पहल करें। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो आम जनता की समस्याएं और बढ़ती जाएंगी।
