मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिला लाभुकों के खातों में राशि का हुआ अन्तरण

रिपोर्ट – अमरजीत कुमार तिवारी भागलपुर/बिहार।

भागलपुर:‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ अन्तर्गत माननीय मुख्यमंत्री, श्री नीतीश कुमार के कर कमलों से बिहार की 10 लाख महिला लाभुकों को 10-10 हजार रुपये प्रति लाभुक की दर से कुल 1,000 करोड़ रुपये की राशि का अन्तरण किया गया। इनमें भागलपुर जिले की भी 10 हजार से अधिक महिलाएँ शामिल हैं।
भागलपुर जिले में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अन्तर्गत अब तक कुल 4 लाख 28 हजार 86 महिलाओं को लाभान्वित किया जा चुका है। जिससे इन लाभान्वित महिलाओं के खाते में कुल 428.086 करोड़ रुपये का अन्तरण किया गया है।
वहीं आज आयोजित किये गए अन्तरण कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक अतिरिक्त महिलाओं को इस योजना के तहत लाभान्वित किया गया, जिससे इन महिलाओं के खाते में 10 करोड़ रुपये से अधिक राशि का अन्तरण किया गया।
आयोजित किए गए अन्तरण कार्यक्रम का लाइव वीडियो प्रसारण किया गया, जिसे जिला मुख्यालय स्थित समीक्षा भवन के अलावा सभी प्रखंड मुख्यालयों एवं जीविका संकुल संघों में किया गया।
भागलपुर के समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी एवं उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह की उपस्थिति में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में जीविका दीदी शामिल हुईं।
लाइव कार्यक्रम के दौरान भागलपुर की फूलन कुमारी, जो ओम जीविका सहायता समूह की दीदी हैं ने माननीय मुख्यमंत्री को महिलाओं को रोजगार एवं उद्यम हेतु सहायता राशि उपलब्ध कराने हेतु उनके प्रति आभार व्यक्त की।
यहां बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।
भागलपुर जिले में अब तक 35,478 स्वयं सहायता समूह का गठन किया जा चुका है।
इन स्वयं सहायता समूहों से कुल 4 लाख 30 हजार 985 महिलाएं जुड़ गई हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो माह में एक लाख से अधिक नए सदस्य जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य बनीं और 7 हजार से अधिक नए स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की वजह से महिलाएं जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ने को इच्छुक हुई हैं।
क्या है मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना बिहार सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है। राज्य सरकार द्वारा 29 अगस्त 2025 को इस योजना की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है, जिससे वे स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बन सकें एवं अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकें। जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़े प्रत्येक परिवार की एक महिला सदस्य को इस योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है। प्रत्येक लाभार्थी महिला के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। इस राशि से महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। इस योजना से महिलाओं के साथ-साथ परिवार की आमदनी बढ़ेगी।
राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य निम्नांकित हैः-
* महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने हेतु वित्तीय मदद पहुंचाना।
* महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना।
* ग्रामीण समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना।
* यह सुनिश्चित किया जाएगा कि योजना का लाभ हर पात्र महिला तक पहुँचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!