आरा में राहुल गांधी को भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिखाया काला झंडा, जमकर नारेबाजी

आरा, बिहार।

बिहार में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा के दौरान शनिवार को आरा में बड़ा राजनीतिक हंगामा देखने को मिला। यात्रा के आरा पहुंचने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को काला झंडा दिखाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

घटना रमना रोड स्थित ग्रैंड होटल के पास हुई, जब राहुल गांधी के साथ बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मौजूद थे। इस दौरान माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।

जिला युवा अध्यक्ष विभु जैन और महामंत्री आदित्य सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी माफी मांगो” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है, जो अत्यंत शर्मनाक है।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने गुस्साए कार्यकर्ताओं से संवाद की कोशिश भी की, लेकिन वे लगातार नारेबाजी करते रहे।

इस घटना के बाद आरा का राजनीतिक माहौल गरमा गया है और इसे लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!