अभया ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई, गर्ल्स हाई स्कूल डुमरिया के पास छेड़खानी करते युवक गिरफ्तार

किशनगंज:
गृह मंत्रालय एवं बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देशानुसार महिलाओं और छात्राओं के विरुद्ध होने वाली छेड़खानी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से किशनगंज थाना अंतर्गत गठित अभया ब्रिगेड द्वारा त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की गई।

अभया ब्रिगेड की टीम ने गर्ल्स हाई स्कूल, डुमरिया का दौरा कर छात्राओं को साइबर सुरक्षा, आपातकालीन सेवा 112 तथा महिला हेल्पडेस्क से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। इस दौरान छात्राओं ने स्कूल आने-जाने के क्रम में ओवरब्रिज के पास कुछ मनचलों द्वारा अभद्र टिप्पणियाँ किए जाने एवं छेड़खानी की शिकायत की।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अभया ब्रिगेड ने तत्काल सत्यापन किया। जांच के दौरान ओवरब्रिज के समीप एक युवक छात्राओं के साथ अशोभनीय हरकत करते हुए पाया गया। पुलिस टीम ने मौके पर ही युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दिवाकर उरांव (उम्र 20 वर्ष), साकिन नोहरी, थाना धनखोरा, जिला कटिहार बताया।

पुलिस द्वारा आरोपी को अभिरक्षा में लेकर किशनगंज थाना लाया गया, जहां उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई की गई।

किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार के असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!