ठाकुरगंज : ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र-53 के बेबुलडांगी स्कूल स्थित बूथ संख्या 310 पर आज कनकपुर पंचायत की मुखिया प्रत्याशी आफरीन साहिल आज़ाद और समाजसेवी मोहम्मद हुसैन आज़ाद ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान दोनों ने क्षेत्र के मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद आफरीन साहिल आज़ाद ने कहा कि “लोकतंत्र में हर एक वोट की अहम भूमिका होती है। सभी नागरिकों को अपने अधिकार का उपयोग जरूर करना चाहिए ताकि देश और प्रदेश की दिशा तय करने में हर किसी की भागीदारी सुनिश्चित हो।”
वहीं समाजसेवी मोहम्मद हुसैन आज़ाद ने शांतिपूर्ण मतदान की उम्मीद जताते हुए कहा कि “मतदान लोकतंत्र का पर्व है। इसे आपसी सद्भाव और शांति के साथ संपन्न होना चाहिए। सभी मतदाता निर्भीक होकर मतदान करें।”
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाओं और युवा वर्ग ने उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लिया। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे, जिससे मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न होती दिखी।
क्षेत्र के अन्य मतदान केंद्रों पर भी दिनभर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान जारी रहा। प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों की निगरानी में मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
