संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।
गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल भागलपुर में 25 से 28 सितंबर तक चार दिवसीय 36वां अखिल भारतीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान विद्या भारती के सचिव एवं खेल पर्यवेक्षक कृपा शंकर शर्मा ने बताया कि विद्या भारती भारत का सबसे बड़ा शैक्षणिक संस्थान है, जहां 13 हजार औपचारिक शिक्षण संस्थान, 12 हजार अनौपचारिक संस्थान और करीब 33 लाख छात्र अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा में संस्कार, राष्ट्रीयता, राष्ट्रभक्ति, भारत माता की सेवा तथा खेलकूद को प्रोत्साहित करना संस्था का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 1988 से अखिल भारतीय खेल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई थी और इस वर्ष 36वां राष्ट्रीय टेबल टेनिस टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है। उन्होंने कहा – “बच्चों के मन में खेल के प्रति रुचि जगाना हमारा उद्देश्य है। जो बच्चे खेल में तेज होते हैं, वे पढ़ाई में भी अच्छे साबित होते हैं।”
इस प्रतियोगिता में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली सहित देशभर के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। अंडर 14, अंडर 17 और अंडर 19 आयु वर्ग में कुल छह श्रेणियों के लिए आठ क्षेत्रों से खिलाड़ी पहुंचे हैं। यहां विजेता खिलाड़ी आगामी एसजीएफआई (SGFI) प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर खेल संयोजक ललित मोहन यादव, प्रदेश मंत्री भरत पुरवे, जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, शशि भूषण मिश्रा, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
