ब्यूरो: महेंद्र सिंह राय | बिलासपुर
मस्तूरी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमलडीहा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शुक्रवार को गणवेश वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरपंच कांति किरण पटेल, उपसरपंच, पंच, शिक्षकगण और ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सरपंच कांति किरण पटेल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य छात्रों को स्कूल में वर्दी प्रदान कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करना और शिक्षा के प्रति उनका रुझान बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी विद्यालयों के छात्रों को निशुल्क गणवेश प्रदान किए जाते हैं।
गणवेश वितरण की यह प्रक्रिया स्कूल शिक्षा विभाग, लोक शिक्षण संचालनालय और सर्व शिक्षा अभियान के माध्यम से की जाती है। इससे न केवल छात्रों में अनुशासन और समानता की भावना विकसित होती है, बल्कि वे स्कूल में आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई भी कर पाते हैं।
सरपंच ने यह भी स्पष्ट किया कि सीएम राइज स्कूल, एकलव्य विद्यालय और कन्या शिक्षा परिसर जैसे कुछ विशेष स्कूलों में यह सुविधा लागू नहीं है। कुछ मामलों में छात्रों के बैंक खातों में गणवेश की राशि सीधे ऑनलाइन ट्रांसफर की जाती है।
कार्यक्रम में बच्चों के चेहरों पर नई गणवेश मिलने की खुशी साफ झलक रही थी। ग्रामवासियों ने इस पहल की सराहना की और सरकार का धन्यवाद किया।