बाढ़ पीड़ितों पर दोहरी मार: मुखिया की मनमानी और प्रशासन की लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया नाथनगर प्रखंड कार्यालय का घेराव

संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।

भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड में बाढ़ पीड़ितों की परेशानी कम होने के बजाय और बढ़ती जा रही है। प्रशासनिक उदासीनता और जनप्रतिनिधियों की मनमानी से त्रस्त ग्रामीणों ने गुरुवार को नाथनगर प्रखंड कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें न तो कोई सरकारी राहत मिल रही है और न ही उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं। गोसाई दासपुर पंचायत के ग्रामीणों ने बताया कि जब वे मुखिया पिंकी देवी और उनके प्रतिनिधि सच्चो मंडल से मदद मांगने जाते हैं, तो उन्हें प्रखंड कार्यालय भेज दिया जाता है। लेकिन पिछले 10 दिनों से लगातार प्रखंड कार्यालय के चक्कर काटने के बावजूद सीओ साहब उनकी फरियाद सुनने के बजाय उन्हें भगा देते हैं।

इसी तरह रान्नुचक पंचायत के लोगों ने भी मुखिया मुकेश राय पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि जब वे अपने मुखिया से मदद की गुहार लगाते हैं तो वे साफ कहते हैं कि “हमारे पास कुछ नहीं है, ब्लॉक जाओ।” लेकिन ब्लॉक पहुंचने पर सीओ साहब उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल देते हैं।

बाढ़ जैसी आपदा में जहां सरकार राहत पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं जमीनी हकीकत बिल्कुल उलट है। प्रशासनिक लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की गैर-जिम्मेदाराना रवैये ने बाढ़ पीड़ितों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र राहत और मदद उपलब्ध नहीं कराई गई तो वे और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!