संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।
बांका जिले में सोमवार को एक सड़क हादसे में वृद्ध की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय दामोदर पंडित बाजार जाने के दौरान एक अनियंत्रित टोटो की चपेट में आ गए। टक्कर लगते ही वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत बांका सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। भागलपुर पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने टोटो चालक की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार टोटो चालक की तलाश की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर जिले की सड़कों पर टोटो वाहनों की बढ़ती अराजकता और लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
