राम कुमार बेगूसराय
बेगूसराय ग्रामीण (आससे)। नावकोठी थाना क्षेत्र के डफरपुर गांव में मूर्ति खंडित करने की घटना ने क्षेत्रीय राजनीति को गरमा दिया है। घटना को लेकर जनस्वराज पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. संजय पासवान ने जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. पासवान ने कहा कि मूर्ति खंडित करने जैसी घटनाएं समाज में अशांति और तनाव फैलाने की कोशिश है। ऐसे उपद्रवियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा देने की अपील की।
उन्होंने स्थानीय लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की भी अपील की और कहा कि प्रशासन को दोषियों तक पहुंचने में जनता को सहयोग करना चाहिए।
वहीं, घटना के बाद डफरपुर सहित आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
