संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।
भागलपुर जिले के दीपनगर घाट पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में स्नान कर रहे 14 वर्षीय मन्नी कुमार की डूबने से मौत हो गई। मृतक मन्नी कुमार लीगल महतो का पुत्र था।
जानकारी के अनुसार, मन्नी अपने दोस्तों के साथ स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथियों ने कड़ी मशक्कत कर किसी तरह उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बेटे का शव देखकर चीख-पुकार मच गई। पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था नहीं रहती, जिसके कारण हर साल इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।
