भागलपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ा, तिलकामांझी विश्वविद्यालय और शहरी इलाके बाढ़ की चपेट में

संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर

भागलपुर: गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से शहर के कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि तिलकामांझी विश्वविद्यालय परिसर में भी बाढ़ का पानी घुस गया है।

विश्वविद्यालय परिसर में पानी भरने से छात्रों और कर्मचारियों को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रशासनिक भवन अभी सुरक्षित है, लेकिन सीनेट हॉल और आसपास का इलाका पानी से घिर गया है।

छात्रों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले एक-दो दिनों में स्थिति और बिगड़ सकती है। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन अलर्ट मोड में है और आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, लगभग 15 दिन पहले भी तिलकामांझी विश्वविद्यालय टापू जैसी स्थिति में आ गया था। अब एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

इधर, जिला प्रशासन और स्थानीय लोग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने के लिए टीमें तैयार हैं।

भागलपुर शहर के अन्य निचले इलाकों में भी पानी भरने की खबर है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!