रिपोर्ट – अमित कुमार, भागलपुर से।।
गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, सैनिक स्कूल भागलपुर में शुक्रवार 26 सितम्बर 2025 को 36वें अखिल भारतीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन कर खेल पर्यवेक्षक कृपा शंकर शर्मा, भरत पुरवे, महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, डॉ. चंद्रभूषण सिंह, बालमुकुंद गुप्त, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, ललित मोहन यादव एवं लक्ष्मी नारायण डोकानियां ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर कृपा शंकर शर्मा ने बताया कि 1988 से विद्या भारती द्वारा खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत की गई थी, जो आज देशभर के 24 स्थानों पर आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को SGFI स्तर तक पहुँचने के लिए उत्साह और हौसला बनाए रखने की प्रेरणा दी।
भरत पुरवे ने खिलाड़ियों से कहा कि जीत का जुनून, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। वहीं ललित मोहन यादव ने कहा कि सभी खिलाड़ी अपने-अपने क्षेत्र में सफलता हासिल कर यहां पहुंचे हैं और आगे भी उन्हें जुनून और लगन से अभ्यास करना चाहिए।
अध्यक्षीय उद्बोधन में लक्ष्मी नारायण डोकानियां ने कहा कि खेलकूद केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक और बौद्धिक विकास का भी आधार है और यह हमारे सुंदर भविष्य का साथी है। डॉ. वसुंधरा लाल ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि यह खेल मात्र प्रतियोगिता नहीं बल्कि एक कला है, जिसमें जीतने के लिए जुनून, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास आवश्यक है।
कार्यक्रम में अतिथियों का परिचय प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कराया, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. चंद्रभूषण सिंह ने किया तथा मंच संचालन अजय कुमार ने किया। इस मौके पर शांतनु आनंद, कार्यक्रम प्रमुख अजय कुमार, चंदन पांडे, शशि भूषण मिश्रा, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, आचार्य बंधु एवं भगिनी उपस्थित रहे।
