भागलपुर, बिहार | संवाददाता शुभम कुमार
महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर भागलपुर पुलिस लाइन में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान शिव की आराधना के इस पावन पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही पुलिस लाइन परिसर में जुटने लगे। पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर भागलपुर पुलिस लाइन में विधि-विधान से पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। पूजा कार्यक्रम का नेतृत्व डीएसपी मिथिलेश कुमार जायसवाल ने किया। उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष निराला कुमार, उपाध्यक्ष शंकर कुमार, मंत्री बलजीत कुमार तथा संयुक्त मंत्री विकास कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। इसके अलावा स्थानीय श्रद्धालुओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से परिवार और समाज के कल्याण की प्रार्थना की। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर भागलपुर पुलिस लाइन में आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनकर उभरा।
