रिपोर्ट – अमित कुमार, भागलपुर
भागलपुर में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाईपास थाना क्षेत्र के सर्विस रोड पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सहरसा निवासी 22 वर्षीय कुमार रितिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सुमित झा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बरारी क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। बुधवार रात वे सर्विस रोड की ओर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रितिक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं सुमित बुरी तरह जख्मी हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। बाईपास थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को मायागंज अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने रितिक को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुमित की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक रितिक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बाईपास थानेदार प्रभात कुमार शर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
