संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर
भागलपुर पुलिस जिला नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलाहा गांव में उधार लिए गए रुपए मांगने को लेकर मारपीट और खंती से हमले का मामला सामने आया है। घटना में सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया है और फिलहाल जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर में भर्ती है।
घायल सूरज कुमार ने बताया कि उसके पिता शंभू सिंह अपने उधार के रुपए मांगने गए थे। इसी दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब सूरज कुमार अपने पिता को बचाने मौके पर पहुंचा, तो पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने खंती से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया।
सूरज ने आरोप लगाया कि उत्तम सिंह, सत्यम सिंह, कुणाल सिंह और दीपक सिंह ने पीछे से पकड़ लिया और सिर पर वार करने की कोशिश की। खंती से सिर पर चोट लगने के बाद उसके सिर से काफी खून बहने लगा। खून देखकर सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
घायल सूरज कुमार के अनुसार उसके सिर पर 10 से 12 टांके लगे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि सिर पर गंभीर चोट और अत्यधिक खून बहने की वजह से अभी कुछ दिन और अस्पताल में रहना पड़ेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
