संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भागलपुर जिले में तैयारियों की गहमागहमी तेज हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को आयुक्त हिमांशु कुमार राय, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार समेत कई वरीय पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण से पहले समीक्षा भवन में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में चुनावी तैयारियों और मतदाताओं की सुविधा से जुड़ी विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी दलों से सहयोग की अपील भी की।
इसके बाद निरीक्षण दल कृषि भवन और नगर निगम स्थित मतदान केंद्रों पर पहुँचा और वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने बताया कि अधिकांश मतदान केंद्रों की स्थिति संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक मतदान केंद्रों पर दो गेट बनाए जाएँ, जिससे मतदाताओं को प्रवेश और निकासी के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। विशेष रूप से दिव्यांगजन और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकारियों ने साफ-सफाई, पेयजल और बिजली की व्यवस्था की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं।
