संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर
भागलपुर: नवगछिया पुलिस जिला के भवानीपुर गांव में युवक आनंद कुमार उर्फ़ छोटू की मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हो गई। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी कृति पर जहरीला पदार्थ देने का गंभीर आरोप लगाया है।

मृतक के पिता विवेकानंद चौधरी ने बताया कि आनंद और कृति का करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। शुरुआती दिनों में दोनों के बीच सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में दंपति के रिश्तों में तनाव बढ़ गया। परिजनों का कहना है कि आपसी तनाव के चलते आनंद मानसिक दबाव में रहने लगा था।
जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले भी आनंद ने आत्महत्या की कोशिश की थी। उस समय समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई थी। परिजनों का आरोप है कि वैवाहिक कलह ही उसकी परेशानियों की जड़ रही।
फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
