पटना |
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की आशा (मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता) कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने ऐलान किया कि अब आशा कार्यकर्ताओं को 3,000 रुपए प्रति माह की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका गांवों और समुदायों में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने में अहम रही है। उनके परिश्रम और समर्पण को देखते हुए राज्य सरकार ने उनके प्रोत्साहन भत्ते में बढ़ोतरी का निर्णय लिया है।
नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि राज्य सरकार आशा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।
इस फैसले से राज्य भर में कार्यरत लगभग 90,000 से अधिक आशा कार्यकर्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार के इस कदम की स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संगठनों ने सराहना की है।