ठाकुरगंज (किशनगंज), 9 जुलाई 2025:
बिहार बंद का व्यापक असर ठाकुरगंज शहर में भी देखने को मिला। राजद कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत क्षेत्र की विभिन्न सड़कों पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग, केंद्र की मोदी सरकार और राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन के चलते शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा। टायर जलाने और सड़कों को जाम करने की वजह से स्थानीय लोगों को कुछ समय के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
इधर, बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और समय-समय पर फ्लैग मार्च भी किया।
गौरतलब है कि यह बिहार बंद राजद समेत अन्य विपक्षी दलों द्वारा राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में बुलाया गया था। ठाकुरगंज में भी इसका प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा गया।