बिलासपुर रेंज में जनता से सीधा संवाद: ‘अनुभव’ क्यूआर कोड व्यवस्था का शुभारंभ, पुलिस कार्यों पर मिला सकारात्मक फीडबैक

बिलासपुर | संवाददाता: महेंद्र सिंह राय

बिलासपुर रेंज में पुलिस और आम जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘अनुभव’ क्यूआर कोड आधारित फीडबैक व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। इस व्यवस्था का उद्घाटन पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग द्वारा किया गया।

शुभारंभ के दिन ही जिले के विभिन्न थानों एवं पुलिस कार्यालयों में अनुभव क्यूआर कोड लगाए गए, जिन्हें आम नागरिक अपने मोबाइल फोन से स्कैन कर पुलिस सेवाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा कर सकते हैं। प्राप्त फीडबैक का अवलोकन श्री रजनेश सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर द्वारा किया गया।

प्रारंभिक फीडबैक में जिला बिलासपुर पुलिस के कार्यों को जन अपेक्षाओं के अनुरूप सकारात्मक बताया गया है। विशेष रूप से थाना सिटी कोतवाली, सिविल लाइन, कोटा एवं सरकंडा थानों में आम जनता द्वारा बहुत अच्छा फीडबैक दिया गया। कई मामलों में स्वयं थाना प्रभारियों द्वारा फरियादियों की समस्याएँ ध्यानपूर्वक सुनी गईं तथा थाने में ही त्वरित समाधान किया गया।

जनसामान्य ने थानों में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के व्यवहार, सहयोगात्मक रवैये, स्वच्छता एवं आसपास के वातावरण को भी बहुत अच्छी श्रेणी में आंका है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि थानों में आने वाले फरियादियों के अनुभवों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं में निरंतर आवश्यक सुधार किया जाएगा।

हालाँकि अनुभव से प्राप्त फीडबैक के अनुसार 1-2 थानों में कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता भी सामने आई है। इस संबंध में संबंधित थाना प्रभारियों एवं कर्मचारियों को विशेष रूप से समझाइश देकर सुधार हेतु प्रोत्साहित किया गया है। साथ ही संबंधित उप पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन का मानना है कि ‘अनुभव’ क्यूआर कोड आधारित यह व्यवस्था पुलिस सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक अनुकरणीय पहल सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!