संवाददाता: महेंद्र सिंह राय
बिलासपुर। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत Chhattisgarh Institute of Medical Sciences (सिम्स) अस्पताल परिसर से लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की 05 मोटरसाइकिलें जब्त करते हुए खरीददार समेत दो अपचारी बालकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार मोटरसाइकिल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
दिनांक 27 जनवरी 2026 को थाना सरकंडा के सामने वाहन चेकिंग के दौरान दो अपचारी बालक एक एक्टिवा वाहन क्रमांक CG12-AJ-5669 को नशे की हालत में चलाते हुए पकड़े गए। सशक्त एप के माध्यम से जांच करने पर उक्त वाहन थाना सिटी कोतवाली के अपराध क्रमांक 48/26 में चोरी का पाया गया।
संयुक्त टीम (थाना सिटी कोतवाली, थाना सरकंडा एवं एसीसीयू) द्वारा 17 वर्षीय अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने 15 वर्षीय साथी के साथ मिलकर सिम्स अस्पताल परिसर से कई मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों द्वारा स्वीकार की गई चोरी की वारदातें:
- एक्टिवा – CG12-AJ-5669
- पल्सर – CG10-AB-4435
- एचएफ डीलक्स – CG10-AG-3732
- हीरो होंडा पैशन प्रो – CG10-EK-3906
- एक काले रंग की एक्टिवा (बिना नंबर)
पूछताछ में आरोपियों ने हीरो होंडा पैशन प्रो वाहन को अल्ताफ उर्फ मोमीन (37 वर्ष), निवासी अशोक नगर मुरूम खदान खमतराई सरकंडा, बिलासपुर को मात्र 2000 रुपये में बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी खरीददार के विरुद्ध धारा 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इसके अलावा आरोपियों ने नांदघाट, दामाखेड़ा टेमरी मेला क्षेत्र से एक काले रंग की एक्टिवा चोरी करना भी स्वीकार किया है। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर सभी पांचों मोटरसाइकिलें जब्त कर ली गई हैं। दोनों अपचारी बालकों को विधिवत अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि वाहन सार्वजनिक स्थानों पर पार्क करते समय उचित सुरक्षा उपाय अपनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
सिटी कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
संवाददाता: महेंद्र सिंह राय
