मुरारी झा/दरभंगा
बिरौल अनुमंडल कार्यालय में सोमवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने की, जिसमें अनुमंडल के सभी थानों की कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस निरीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लंबित कांडों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गंभीर आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए एसडीपीओ ने निर्देश दिया कि लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बिरौल अनुमंडल क्षेत्र के घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार, बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि कुमार, जमालपुर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के कई अन्य थानों के थाना अध्यक्ष उपस्थित रहे।
