भागलपुर से बीजेपी विधायक रोहित पांडेय का जेएनयू प्रकरण पर तीखा बयान

रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार

भागलपुर, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़े हालिया घटनाक्रम को लेकर बिहार के भागलपुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रोहित पांडेय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि जेएनयू में सामने आया घटनाक्रम देशद्रोही मानसिकता को दर्शाता है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।बीजेपी विधायक रोहित पांडेय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन इस अधिकार की आड़ में देश के खिलाफ नारेबाजी करना, या देश के बड़े नेताओं के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी करना कतई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ न केवल देश की एकता और अखंडता को चुनौती देती हैं, बल्कि युवाओं को भी गुमराह करने का काम करती हैं।
रोहित पांडेय ने जेएनयू प्रबंधन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को चाहिए कि वह इस पूरे मामले को गंभीरता से ले और दोषी छात्रों एवं संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।उन्होंने यह भी कहा कि देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों से राष्ट्रविरोधी विचारधारा को बढ़ावा देना बेहद चिंताजनक है और इस पर राजनीति से ऊपर उठकर सख्त कदम उठाने की जरूरत है। रोहित पांडेय ने कहा “विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि देश के खिलाफ या देश के बड़े नेताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की जाए। जेएनयू में जो घटनाक्रम सामने आया है, वह निंदनीय है और वहां के प्रबंधन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।”फिलहाल जेएनयू प्रकरण को लेकर सियासत तेज होती नजर आ रही है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर बयानबाज़ी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!