नई दिल्ली/लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में संगठनात्मक फेरबदल की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा के बाद ही उत्तर प्रदेश में किसी बड़े राजनीतिक या प्रशासनिक निर्णय पर मुहर लगेगी। योगी आदित्यनाथ सरकार में संभावित फेरबदल की चर्चाएं भी इसी क्रम में जोरों पर हैं।
दरअसल, जे.पी. नड्डा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है और नए अध्यक्ष के चयन को लेकर पार्टी आलाकमान गंभीर मंथन कर रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अध्यक्ष पद पर एक ऐसा चेहरा लाया जाएगा जो आगामी विधानसभा चुनावों और संगठन को नए सिरे से धार दे सके।
इसी बीच उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कुछ मंत्रियों के प्रदर्शन को लेकर पार्टी हाईकमान की नाराजगी की खबरें सामने आई हैं। ऐसे में फेरबदल की संभावना जताई जा रही है, जिसमें कुछ मंत्रियों की छुट्टी और नए चेहरों को जगह मिलने की बात कही जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा के बाद लखनऊ में भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की अहम बैठक बुलाए जाने की संभावना है, जिसमें संगठन और सरकार के बीच तालमेल के मुद्दे पर विचार किया जाएगा।
भाजपा नेतृत्व फिलहाल संगठन को प्राथमिकता दे रहा है और प्रदेशों में सरकार एवं संगठन के समन्वय को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है।