रिपोर्ट – अमित कुमार, बिहार
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB), पटना ने माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2025 के स्वच्छ, कदाचारमुक्त और सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए भागलपुर के जिला पदाधिकारी को सम्मानित करने की घोषणा की है। इस संबंध में समिति के सचिव प्रमोद कुमार ने जिला पदाधिकारी, भागलपुर को आधिकारिक पत्र जारी किया है।
जारी पत्र में कहा गया है कि परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण, उत्तरपुस्तिकाओं की बारकोडिंग व्यवस्था और मूल्यांकन कार्य में भागलपुर प्रशासन के सहयोग एवं सराहनीय योगदान को देखते हुए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
समिति ने बताया कि यह सम्मान 03 दिसम्बर 2025 को देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के जन्मदिवस पर आयोजित “मेधा दिवस” समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी को प्रशस्ति पत्र, एक आई-पैड और मोमेंटो भेंट किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन पटना स्थित ज्ञान भवन, सम्राट अशोक कन्वेंशन हॉल में पूर्वाह्न 11 बजे से किया जाएगा। समिति ने अनुरोध किया है कि जिला पदाधिकारी या उनके अधिकृत प्रतिनिधि निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर सम्मान ग्रहण करें।
मेधा दिवस समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों के उन अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी एवं नकलमुक्त बनाने में अहम योगदान दिया है।
