संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।
भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र के बैजलालपुर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। खेत में जमा पानी में डूबने से 5 वर्षीय मासूम शिवम कुमार की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार शिवम मंगलवार की शाम घर के बगल में खेलने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजन काफी देर तक उसकी तलाश करते रहे और करीब डेढ़ घंटे बाद ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला जा सका।
मृतक के चाचा तुलसी कुमार ने बताया कि शिवम दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
