समृद्धि यात्रा में सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र की कलाकृति की सराहना करते सीएम ने कहा धन्यवाद मधुरेंद्र’

 

समृद्धि यात्रा का बड़ा आकर्षण बना मधुरेंद्र का सैंड आर्ट, सीएम बोले धन्यवाद

रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।

भागलपुर। भागलपुर जिले में बुधवार को आयोजित बिहार समृद्धि यात्रा 2026 के दौरान भारत के प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रेत कलाकार मधुरेंद्र कुमार की कलाकृति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बन गई। भागलपुर जिले के जगदीशपुर बैजानी में आयोजित इस कार्यक्रम में सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने समृद्ध बिहार पर आधारित भव्य सैंड आर्ट तैयार की, जिस पर “विकास पुरुष नीतीश कुमार” अंकित था।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब जगदीशपुर के बैजानी पंचायत सरकार भवन परिसर में कन्या विवाह भवन का शिलान्यास करने के लिए पहुंचे, तो उनकी नजर वैजानी पंचायत सरकार भवन के पीछे पोखर तट पर 30 टन बालू से बनी उनकी ही तस्वीर पर पड़ी। मुख्यमंत्री कुछ क्षणों तक रुककर कलाकृति को निहारते रहे और मुस्कुराते हुए वहां मौजूद सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार को ‘धन्यवाद’ भी कहा।

बता दें कि विश्वविख्यात रेत कलाकार मधुरेंद्र ने अपनी 20 घंटों के कड़ी मेहनत से 50 टन यानी पचास हजार किलोग्राम गंगा नदी का उजला बालू का उपयोग करते हुए 10 फीट ऊंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सात निश्चय-3 का मनमोहक तस्वीर का निर्माण किया है। मधुरेंद्र के इस मनमोहक कलाकृति को देखने के लिए भारी संख्या में लोगों की हुजूम उमड़ रही हैं। यह कलाकृति समृद्धि यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण बना हैं।

मुख्यमंत्री की यह प्रतिक्रिया वहां उपस्थित लोगों के लिए खास क्षण बन गया। कार्यक्रम में मौजूद जनसमूह के बीच यह सैंड आर्ट आकर्षण का केंद्र रही। मुख्यमंत्री के प्रस्थान के बाद बड़ी संख्या में लोग बालू से बनी इस कलाकृति को देखने पहुंचे। लोगों ने कलाकार के साथ सेल्फी लेकर तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे यह कलाकृति तेजी से वायरल हो गई।

गौरतलब हो कि सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने अब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा की गई प्रमुख यात्राओं में ‘न्याय यात्रा’, ‘विकास यात्रा’, ‘धन्यवाद यात्रा’, ‘प्रवास यात्रा’, ‘विश्वास यात्रा’, ‘अधिकार यात्रा’, ‘संवाद यात्रा’, ‘निश्चय यात्रा’, ‘समीक्षा यात्रा’, ‘जल-जीवन-हरियाली यात्रा’, और ‘समाज सुधार यात्रा’ में भी 50 अधिक से अपनी बेहतरीन सैंड आर्ट के माध्यम से बिहार के लोगों जागरुक किया हैं।

मधुरेंद्र कुमार ने अपनी इस कलाकृति के माध्यम से “समृद्ध भागलपुर, समृद्ध बिहार” का संदेश दिया। समृद्धि यात्रा के इस आयोजन में सैंड आर्ट ने न केवल जनजागरूकता का संदेश दिया, बल्कि कला के माध्यम से विकास की अवधारणा को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, डीजीपी विनय कुमार, डीएम नवल किशोर चौधरी, एसपी प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य वरीय अधिकारियों और गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने कलाकार की सराहना करते हुए बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!