बिहपुर में कांग्रेस का बवाल: जिलाध्यक्ष के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, “नवगछिया जिला संगठन” की मांग तेज

बिहपुर में कांग्रेस का बवाल: जिलाध्यक्ष के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, “नवगछिया जिला संगठन” की मांग तेज

बिहपुर/अंकित कुमार मिश्र

बिहपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने ही जिला नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्वराज आश्रम स्थित प्रखंड कांग्रेस कार्यालय के पास कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए “मुर्दाबाद” के नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं का आरोप था कि जिलाध्यक्ष द्वारा बिना सूचना के बिहपुर कांग्रेस कार्यालय के गेट पर नोटिस चिपकाकर ताला जड़ दिया गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ही कार्यालय में प्रवेश करने से रोक दिया गया। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी गई और उन्होंने इसे अमानवीय व्यवहार करार दिया।
इस प्रदर्शन में बिहपुर, नारायणपुर, खरिक, गोपालपुर और रंगरा प्रखंड के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी का मुख्य मुद्दा था कि भागलपुर जिला संगठन से अलग कर नवगछिया को स्वतंत्र जिला संगठन बनाया जाए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह मांग वे पिछले 20 वर्षों से लगातार उठा रहे हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
हाल ही में कांग्रेस पार्टी द्वारा 15 नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की गई, लेकिन नवगछिया को अलग जिला का दर्जा नहीं दिया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश और बढ़ गया है।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष छेदी सिंह उर्फ अजय सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता बिहपुर प्रखंड अध्यक्ष इरफान आलम ने की। इस मौके पर बिहार प्रदेश कांग्रेस के महासचिव (सोशल मीडिया एवं आईटी सेल) गौरव कुमार, अशोक गोस्वामी, मृत्युंजय मिश्र, देवानंद शर्मा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही नवगछिया को अलग जिला संगठन का दर्जा नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!