संवाददाता: शुभम कुमार, भागलपुर
भागलपुर: डायल 112 में कार्यरत चालक अपने विभिन्न मांगों को लेकर रविवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। चालकों ने भागलपुर कमांड एंड कंट्रोल रूम कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
हड़ताल पर गए चालकों का कहना है कि डायल 112 में कार्यरत अधिकांश चालक पूर्व सैनिक हैं, लेकिन उन्हें उचित मानदेय नहीं मिल रहा है। उन्होंने स्पष्ट मांग की है कि समान कार्य के बदले समान वेतन दिया जाए और उन्हें राज्यकर्मी का दर्जा प्रदान किया जाए।
चालकों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इधर, इस हड़ताल से आपातकालीन सेवा डायल 112 के संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आमजन को आपात स्थिति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
