संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/बिहार
भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 स्थित रंजीत गोप लेन, परवती भागलपुर में प्याऊ निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय निवासी बाबू यादव ने नगर आयुक्त, नगर निगम भागलपुर को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि निर्धारित स्थल पर निर्माण कार्य न कर उनके घर के सामने अवैध तरीके से प्याऊ का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अविलंब निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।आवेदन में बाबू यादव ने बताया है कि वार्ड संख्या 13 में रंजीत गोप लेन में प्याऊ निर्माण का कार्य चल रहा है, लेकिन यह निर्माण चयनित या स्वीकृत स्थान पर नहीं किया जा रहा है। उनके अनुसार, उनके घर के सामने गैर-कानूनी तरीके से निर्माण कराया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि धनंजय यादव नामक व्यक्ति द्वारा यह कार्य कराया जा रहा है, जबकि उन्हें इस प्रकार का निर्माण कराने का कोई वैधानिक अधिकार प्राप्त नहीं है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि धनंजय यादव को इस कार्य की अनुमति दी गई है, तो इसकी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। बाबू यादव ने सवाल उठाया है कि आखिर किस आधार पर और किसके आदेश से यह निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने इसे जांच का विषय बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की है।
स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए प्याऊ का निर्माण सराहनीय पहल है, लेकिन यदि यह निर्माण नियमों और निर्धारित मानकों की अनदेखी कर किया जा रहा है, तो इससे भविष्य में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वहीं, शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके घर के सामने बिना सहमति और बिना स्पष्ट अनुमति के निर्माण करना उनके अधिकारों का उल्लंघन है।बाबू यादव ने अपने आवेदन में स्पष्ट रूप से लिखा है कि जब तक पूरे मामले की जांच नहीं हो जाती, तब तक निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण का निर्देश दिया जाए और यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। अब देखना यह है कि नगर निगम प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और क्या वास्तव में निर्माण कार्य नियमों के अनुरूप हो रहा है या नहीं।
