संवाददाता – शुभम कुमार, भागलपुर।
भागलपुर, 27 अक्टूबर 2025। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर आज जिले भर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। महिलाएँ और पुरुष श्रद्धालु सुबह से ही व्रत और पूजा की तैयारी में जुटे रहे। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्वयं छठ घाटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बरारी पुल घाट, बूढ़ानाथ घाट, आदमपुर घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल सुविधा और चिकित्सा व्यवस्था की जांच की। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डॉ. चौधरी ने निर्देश दिया कि सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती रहे। साथ ही एसडीआरएफ और गोताखोर टीम को नदी में सतत निगरानी बनाए रखने को कहा गया। नगर निगम को उन्होंने घाटों की साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त शुभम कुमार ने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर विशेष रूप से सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। बूढ़ानाथ, बरारी और आदमपुर घाटों पर निगम कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने व्रतियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हर स्तर पर तत्पर है ताकि छठ पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो।
शाम तक घाटों पर भारी भीड़ उमड़ी और श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रही।
निरीक्षण में नगर आयुक्त श्री शुभम कुमार, अपर समाहर्ता श्री कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री विकास कुमार, उपनगर आयुक्त, एसडीआरएफ टीम, नगर निगम कर्मी और पुलिस बल शामिल रहे।
