जिलाधिकारी ने ठाकुरगंज प्रखंड में चल रहे विकास कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश

किशनगंज जिला पदाधिकारी द्वारा ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने ठाकुरगंज बाईपास निर्माण कार्य, ग्राम पंचायत कनकपुर में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन तथा ग्रिड अप केंद्र का भ्रमण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए जाएं तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण हों। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने बाईपास निर्माण की प्रगति, उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री तथा कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। वहीं पंचायत सरकार भवन के निर्माण को पंचायत स्तर पर प्रशासनिक सुविधा सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। ग्रिड अप केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों को इससे मिलने वाले लाभों की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, किशनगंज, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, पथ निर्माण विभाग के कनीय अभियंता तथा ग्राम पंचायत कनकपुर के पंचायत सचिव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!