दुर्गा पूजा पर प्रशासन सख्त, सड़क पर अवैध दुकान लगाने वालों को चेतावनी

संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।

शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा की शुरुआत के साथ ही भागलपुर के बाजारों में रौनक और भीड़ बढ़ गई है। इसी बीच सड़क और फुटपाथ पर अवैध तरीके से दुकानें लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

सोमवार को नगर निगम, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर सड़कों पर माइकिंग की और दुकानदारों को तुरंत सड़क खाली करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि आदेश का पालन नहीं करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में कई थानों की पुलिस, नगर निगम अधिकारी और यातायात पुलिस बल मौजूद रहे। दुकानदारों को समझाया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और खरीदारों की भीड़ सबसे ज्यादा होती है, ऐसे में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करना अनुचित है।

प्रशासन ने कहा कि कुछ दुकानदार अपने सामान को दुकान के बाहर फैला देते हैं, जिससे पैदल चलने वालों को दिक्कत होती है। ऐसे लोगों को भी सख्त चेतावनी दी गई है।

नगर निगम और यातायात पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से श्रद्धालुओं और खरीदारों को सुरक्षित और सहज माहौल मिलेगा और पूजा व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!