ज़की हमदम ठाकुरगंज/किशनगंज
किशनगंज। ठाकुरगंज प्रखंड के पाटेश्वरी पंचायत अंतर्गत कटहल डांगी में शुक्रवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी का आयोजन बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। इस मौके पर ठाकुरगंज प्रखंड ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों से भी लाखों की संख्या में लोग जुलूस की शक्ल में पहुंचकर एकत्र हुए। दोपहर 2 बजे से शुरू हुआ जुलूस शाम 7 बजे तक कटहल डांगी पहुंचता रहा।

जुलूस में शामिल लोग हाथों में झंडा लेकर नारे-तकबीर के उद्घोष से गूंजते रहे। पूरे माहौल में नाते-नबी की गूंज सुनाई दी और तकरीर का आयोजन हुआ। मौलाना ने अपने संबोधन में अमन-चैन और भाईचारे पर जोर दिया। उन्होंने हिंदुस्तान में शांति और सद्भाव के लिए दुआ की।

इस अवसर पर विभिन्न निजी फाउंडेशन और सामाजिक संगठनों ने जुलूस में शामिल लोगों के लिए सरबत, पेप्सी और पानी की व्यवस्था की। वी केयर 4 ठाकुरगंज के संस्थापक डॉ. आसिफ शाहिद समेत कई संस्थाओं ने तबर्रुक और शीतल पेय बांटकर कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

कार्यक्रम में कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों की उपस्थिति भी रही। इसमें पूर्व मंत्री नौशाद आलम, राजद नेता मुस्ताक आलम, विधायक साउद आलम, पूर्व विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल, विधायक प्रत्याशी फैयाज आलम, हैबर बाबा, विधायक प्रत्याशी गुलाम हसनैन, कांग्रेस नेता सोहेल अख्तर उर्फ राजा मास्टर, आजाद आलम, मीर महफूज आलम, सलीम अहमद, चेंज आलम, कौसर आलम और उप प्रमुख गुलाम मोहिउद्दीन,डॉ आमिर सहीद शामिल थे।

प्रशासनिक स्तर पर भी अधिकारियों की सक्रियता दिखाई दी। ठाकुरगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमद अब्दाली, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी पूरे जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। चौक-चौराहों पर पुलिस बल की चाक-चौबंद तैनाती के चलते कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
