संवाददाता: शुभम कुमार, भागलपुर
भागलपुर। नाथनगर के सूजापुर और महाशय ड्योढ़ी दुर्गा मंदिर में सोमवार से मां दुर्गा का आगमन धूमधाम से हुआ। परंपरा के अनुरूप मंदिर प्रांगण से ढोल, ढाक, शंख और गाजे-बाजे के बीच बोधन घट निकाला गया। यह घट गंगा घाटों पर स्नान कराया गया, जिसके बाद पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पात्र में जल भरकर मां दुर्गा के जयकारों के बीच इसे मंदिर में स्थापित किया।
मां दुर्गा के आगमन अवसर पर मंदिरों में कौड़ियां लुटाई गईं। इस अनूठी परंपरा में शामिल होने के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े और कौड़ी लूटने की होड़ मच गई। भक्तों ने लूटी गई कौड़ियों को मां दुर्गा का प्रसाद मानकर अपने घर ले जाकर श्रद्धा से संजोया।
घर की महिलाओं ने इन कौड़ियों को सिंदूर के डिब्बों में सुरक्षित रखकर पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही बंगला परंपरा के अनुसार बोधन घट स्थापित कर मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना प्रारंभ हो गई।
नाथनगर में मां दुर्गा के आगमन के साथ ही नवरात्र का उल्लास चरम पर पहुंच गया है और भक्तों में गहरी आस्था और श्रद्धा का माहौल देखा जा रहा है।
