संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर।
बाढ़ राहत राशि (जीआर) नहीं मिलने से नाराज पीड़ितों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बाढ़ प्रभावितों ने भागलपुर-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग के दोगच्छी मोड़ के समीप जोरदार प्रदर्शन करते हुए करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर दी। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।
आक्रोशित बाढ़ पीड़ितों ने नारेबाजी करते हुए नाथनगर अंचल अधिकारी रजनीश कुमार और नाजीर पर मनमानी का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राज्य सरकार ने जीआर राशि राहत के रूप में भेज दी है, लेकिन नाथनगर अंचल प्रशासन इसे उन्हें उपलब्ध नहीं करा रहा है।
प्रदर्शन कर रहे पीड़ितों ने बताया कि बाढ़ से तबाह होने के बाद वे कई दिनों से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन राहत की राशि अब तक उनके खातों तक नहीं पहुंची। इससे उनके बीच भारी आक्रोश व्याप्त है। मौके पर पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी पीड़ितों के गुस्से का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर नाथनगर थाना प्रभारी राजीव रंजन सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। अंचल अधिकारी रजनीश कुमार भी वहां पहुंचे और उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रशासन की पहल के बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका।
