ज़की हमदम किशनगंज, बिहार: बिहार पुलिस सप्ताह के अवसर पर गलगलिया थाना के थानाध्यक्ष राकेश कुमार को उत्कृष्ट पुलिसिंग, नशा के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, सड़क सुरक्षा जागरूकता और सामाजिक सद्भावना बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी (डीएम) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने संयुक्त रूप से उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि राकेश कुमार के नेतृत्व में गलगलिया थाना क्षेत्र में नशा तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाए गए, जिससे कई महत्वपूर्ण सफलताएं मिलीं।
सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में भी उनकी पहल सराहनीय रही। उन्होंने हेलमेट चेकिंग, वाहन जांच और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए। इसके अलावा, थानाध्यक्ष ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सम्मान प्राप्त करने के बाद थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि यह सम्मान पूरी टीम की मेहनत और सहयोग का परिणाम है। साथ ही, पुलिस के काम में सहयोग देने वाले नागरिकों की भी सराहना की।
