गौतम अदाणी पहुंचे पीरपैंती, लिया पावर प्रोजेक्ट का जायजा

गौतम अदाणी पहुंचे पीरपैंती, लिया पावर प्रोजेक्ट का जायजा

संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/बिहार

भागलपुर, देश के जानेमाने उद्योगपति और अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी पीरपैंती पहुंचे। इस दौरे को प्रदेश में विकास कार्यों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बता दें कि बिहार के पीरपैंती में अदाणी समूह थर्मल पावर प्लांट का निर्माण कर रहा है। यह पिछले कई दशक में किसी भी औद्योगिक समूह द्वारा बिहार में किया गया सबसे बड़ा निवेश है। अदाणी समूह के चेयरमैन ने मौके पर पहुंच कर इस प्रोजेक्ट के कामकाज का जायजा लिया और वृक्षारोपण के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

अदाणी समूह का पावर प्लांट पीरपैंती प्रखंड के सिरमतपुर व आसपास की करीब 479 हेक्टेयर भूमि पर बनाया जा रहा है। यह अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल प्लांट 2400 मेगावाट उत्पादन क्षमता का होगा। उत्तर में गंगा, दक्षिण में नेशनल हाईवे और पास ही पीरपैंती रेलवे स्टेशन लॉजिस्टिक दृष्टि से लोकेशन को काफी महत्वपूर्ण बनाता है। इस प्लांट के निर्माण के दौरान 10 से 12 हजार लोगों को और ऑपरेशनल होने प लगभग 3000 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इस परियोजना पर अदाणी की तरफ से 30 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया गया है। परियोजना को पांच वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। फिलहाल चहारदीवारी और भूमि समतलीकरण जारी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह मेगा प्रोजेक्ट बिहार की बिजली जरूरतों को मजबूती देगा, क्षेत्रीय रोजगार, औद्योगिक तरक्की और बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार देगा। उद्योग जगत की बड़ी हस्ती का यह दौरा केवल निरीक्षण नहीं, बल्कि राज्य में भरोसे और निवेश का सकारात्मक पैगाम भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!