संवाददाता शुभम कुमार, भागलपुर
भागलपुर। बिहार गृह रक्षा वाहिनी स्वयं सेवक संघ की बैठक रविवार को सैनडिस्क कंपाउंड व्यायामशाला में जिला अध्यक्ष अखिलेश्वर प्रसाद यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित स्वयं सेवकों ने बिहार सरकार द्वारा पुलिसकर्मियों के 1 दिन के न्यूनतम वेतन के अनुरूप 1121 रुपये की वृद्धि की घोषणा पर मुख्यमंत्री को बधाई दी।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि यह निर्णय स्वयं सेवकों के लिए हौसला बढ़ाने वाला है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय समिति, पटना के निर्देशानुसार 8 सितंबर को जिले में शांतिपूर्ण विजय जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस जिला समादेष्टा कार्यालय से प्रारंभ होकर जिला पदाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापन सौंपने के साथ संपन्न होगा।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और सरकार तक अपनी अन्य मांगें पहुंचाने के मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
