संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/बिहार
भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया। हबीबपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की फिराक में आए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।मामले को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि हबीबपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबिया पोखर के पास कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मौके से मोहम्मद अदनान, सुनील और अरुण को गिरफ्तार कर लिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अदनान का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। कुछ दिन पूर्व मुजाहिदपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर के सामने पटाखे फोड़ने और अवैध हथियार लहराते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह साफ तौर पर नजर आ रहा था।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किस तरह की आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई।
बाइट –प्रमोद कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर
