अमित कुमार भागलपुर (बिहार): आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जिले भर में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में हबीबपुर थाना क्षेत्र में रविवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
थाना अध्यक्ष पंकज कुमार राउत के निर्देश पर एसआई संतोष कुमार ने पुलिस बल के साथ वाहन चेकिंग की। इस दौरान सिपाही सत्येंद्र कुमार और शंकर मांझी भी मौजूद रहे। थाने के पास चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की।
वाहन चालकों से हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। अधिकांश चालकों ने पुलिस सहयोग में रुचि दिखाई और अपने दस्तावेज जांच हेतु प्रस्तुत किए।
एसआई संतोष कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई चुनावी शांति बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी समय-समय पर चलाए जाएंगे ताकि क्षेत्र में अनुशासन और कानून व्यवस्था बनी रहे।
